नेशनल डेस्क। डिजिटल पेमेंट करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। BHIM UPI ने एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसके जरिए अब यूजर्स सीधे ऐप के अंदर ही अपना CIBIL स्कोर और पूरी क्रेडिट रिपोर्ट चेक कर सकते हैं। यह कदम ऐप को केवल पेमेंट प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ाकर एक संपूर्ण फाइनेंशियल टूल बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
यह सुविधा नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा TransUnion CIBIL के साथ साझेदारी में शुरू की गई है। इसके तहत यूजर्स को अपना क्रेडिट स्कोर देखने के लिए अब किसी अलग वेबसाइट या ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को BHIM ऐप का लेटेस्ट वर्जन (4.0.19 या उससे ऊपर) इंस्टॉल करना होगा। ऐप खोलने के बाद “क्रेडिट स्कोर” सेक्शन में जाकर यूजर अपनी अनुमति देता है, जिसके बाद कुछ ही सेकंड में स्कोर और रिपोर्ट स्क्रीन पर दिख जाती है। खास बात यह है कि बिना यूजर की अनुमति के कोई भी डेटा एक्सेस नहीं किया जाएगा।
अब तक ज्यादातर लोग अपना CIBIL स्कोर देखने के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेते थे, लेकिन इस अपडेट के बाद एक ही ऐप में पेमेंट और फाइनेंशियल हेल्थ दोनों को ट्रैक किया जा सकेगा। इससे यूजर्स अपनी क्रेडिट रिपोर्ट में मौजूद गलतियों को भी आसानी से पहचान कर सुधार कर पाएंगे।
NPCI का उद्देश्य इस फीचर के जरिए देश में फाइनेंशियल अवेयरनेस को बढ़ाना है। BHIM ऐप पहले से ही कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और इसमें फैमिली मोड, खर्च का विश्लेषण और स्प्लिट पेमेंट जैसे फीचर्स मौजूद हैं। अब CIBIL स्कोर जुड़ने से इसकी उपयोगिता और बढ़ गई है।
हालांकि, Paytm, Google Pay और PhonePe जैसे अन्य UPI ऐप्स में भी यह सुविधा पहले से उपलब्ध है, लेकिन BHIM में इसका सीधा और सरल इंटीग्रेशन इसे खास बनाता है।
हमारी राय में
BHIM UPI का यह नया फीचर डिजिटल इंडिया की दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे आम यूजर के लिए अपनी फाइनेंशियल स्थिति को समझना आसान होगा। खासकर उन लोगों के लिए, जो पहली बार क्रेडिट स्कोर के बारे में जानना चाहते हैं, यह फीचर बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
