Hazaribagh News: हाथियों का कहर, गांव में घुसकर 6 लोगों को कुचला, एक साल का मासूम भी शामिल
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से गुरुवार देर रात बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। हाथियों के झुंड ने गांव में घुसकर छह लोगों को कुचल दिया। मृतकों में एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मामला अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव का है। देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच पांच हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस आया। उस समय सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि हाथियों ने एक घर का गेट तोड़ा और अंदर घुसकर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25), अनुराग राम (1) और संजना कुमारी (3) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों का झुंड पिछले करीब एक महीने से इलाके में घूम रहा था। वन विभाग की ओर से अलर्ट भी जारी किए गए थे, लेकिन इतनी बड़ी त्रासदी को रोका नहीं जा सका।
पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल वन विभाग हाथियों के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
