Mahashivratri 2026: शिवभक्तों को रेलवे की राहत, उज्जैन-भोपाल और राजकोट-वेरावल के बीच मेला स्पेशल ट्रेनें
नई दिल्ली: महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026 (रविवार) को मनाया जाएगा। इस मौके पर देशभर के प्रमुख शिवधामों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पास वेरावल, मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने विशेष मेला ट्रेनों की घोषणा की है।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने उज्जैन से भोपाल और संत हिरदाराम नगर के बीच तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें 13 फरवरी से 23 फरवरी तक चलाने का निर्णय लिया है। वहीं राजकोट और वेरावल के बीच अनारक्षित महाशिवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेन (09513/09514) 13 से 17 फरवरी तक प्रतिदिन विशेष किराए पर चलाई जाएगी।
राजकोट-वेरावल स्पेशल (09513) सुबह 06:55 बजे राजकोट से रवाना होकर 10:55 बजे वेरावल पहुंचेगी। वापसी में (09514) वेरावल से दोपहर 03:20 बजे चलकर रात 08:00 बजे राजकोट पहुंचेगी। रास्ते में भक्तिनगर, गोंडल, वीरपुर, जेतलसर, जूनागढ़ और केशोद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
उज्जैन से संत हिरदाराम नगर के लिए ट्रेन संख्या 09305 सुबह 9 बजे चलकर 1:30 बजे पहुंचेगी, जबकि 09306 दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर 7:30 बजे उज्जैन लौटेगी। 09307 उज्जैन से रात 9 बजे चलकर 2:10 बजे भोपाल पहुंचेगी, और 09308 भोपाल से 3:10 बजे रवाना होकर सुबह 8 बजे उज्जैन पहुंचेगी। 09313 शाम 4 बजे उज्जैन से चलकर 9:40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी, जबकि 09314 रात 10:30 बजे लौटकर 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। रेलवे के अनुसार ये ट्रेनें अनारक्षित हैं और सामान्य व स्लीपर कोच के साथ संचालित होंगी। श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले समय और ठहराव की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
