Livestock Digital Reform 2026: पशुओं के टीकाकरण और AI सेवा में OTP अनिवार्य, 15 फरवरी से लागू होगी नई व्यवस्थाPhoto: Pixabay
नई दिल्ली: पशुपालन क्षेत्र में पारदर्शिता और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए सरकार नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। 15 फरवरी 2026 से पशुओं के टीकाकरण के बाद OTP सिस्टम अनिवार्य होगा, जबकि 1 अप्रैल 2026 से कृत्रिम गर्भाधान (Artificial Insemination) सेवाओं में भी OTP आधारित सत्यापन लागू किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत पशुपालन विभाग के फील्ड कर्मचारी पशुपालकों से आधार नंबर और मोबाइल नंबर मांग सकेंगे। जिन पुराने रिकॉर्ड में पशुपालक की पूरी जानकारी दर्ज नहीं है, वहां आधार और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। एक आधार नंबर केवल एक ही पशुपालक से लिंक किया जाएगा, ताकि रिकॉर्ड में दोहराव या गड़बड़ी की संभावना खत्म हो सके।
टीकाकरण के बाद संबंधित पशुपालक के मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (OTP) भेजा जाएगा। यह OTP केवल अधिकृत टीकाकर्मी को बताना होगा, जिससे सेवा सही लाभार्थी के नाम दर्ज हो सके। बिना OTP के टीकाकरण की एंट्री पूरी नहीं मानी जाएगी। इसी तरह 1 अप्रैल से कृत्रिम गर्भाधान सेवा के दौरान भी मौके पर OTP सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
सरकार का कहना है कि इस डिजिटल प्रक्रिया से फर्जीवाड़ा रोका जा सकेगा, सेवाओं की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और पशुओं का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा। मोबाइल नंबर अपडेट रखना बेहद जरूरी होगा। यदि नंबर गलत या बंद है, तो OTP नहीं पहुंचेगा और सेवा बाधित हो सकती है।
पशुपालक अधिक जानकारी के लिए ‘1962’ मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से सरकारी योजनाओं, पशुओं के डिजिटल रिकॉर्ड और सेवा से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं।