Ranveer Singh Threat Case: बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर का नाम आया सामने, वॉयस नोट से मांगे 1 करोड़
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को कथित तौर पर मिली धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने व्हाट्सएप वॉयस नोट के जरिए एक करोड़ रुपये की कथित वसूली की मांग की थी।
क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, भेजे गए वॉयस नोट की प्राथमिक जांच में आवाज हैरी बॉक्सर से मिलती-जुलती पाई गई है। हालांकि, फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी लंबित है और अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने वॉयस नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि यह धमकी रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग की घटना के बाद रणवीर सिंह के मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजी गई थी। इसके बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रणवीर की मैनेजर का बयान दर्ज किया जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया है कि धमकी भेजने में वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था और लोकेशन विदेश की मिली है। इसे ट्रेस करने के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भेजे जाने के समय वीपीएन किस देश से संचालित हो रहा था।
इस मामले में सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा के मैनेजर का बयान भी दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की जांच जारी है और जल्द औपचारिक एफआईआर दर्ज होने की संभावना है।
धमकी भरे वॉयस नोट में कथित तौर पर रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी का नाम लेकर चेतावनी दी गई थी। हालांकि, इस वॉयस नोट की आधिकारिक पुष्टि एजेंसियों द्वारा अभी नहीं की गई है।
हाल के महीनों में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को गैंगस्टर नेटवर्क की ओर से धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।